Spread the love

किच्छा – किच्छा के आवास विकास क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौरंग महापात्रा के साथ एक चौंकाने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। बीते दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताकर उनके चिकित्सालय में जबरन प्रवेश किया और लगभग दो घंटे तक उन्हें ‘होम अरेस्ट’ करने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलने के पश्चात आज पूर्व विधायक राजेश शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. महापात्रा के आवास पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। डॉ महापात्रा ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर दोपहर 1 बजे क्लिनिक में पहुंचा और उन्हें लगभग दो घंटे तक जबरन ‘होम अरेस्ट’ करने का प्रयास किया। इस दौरान परिवार में भय और असमंजस की स्थिति बनी रही।

घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए  राजेश शुक्ला ने पुलिस प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल आम नागरिकों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं, बल्कि समाज में डर और असुरक्षा का वातावरण भी पैदा करती हैं।

पूर्व विधायक ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी एवं पूरे मामले का पर्दाफाश करने की मांग की। इस दौरान उनके साथ मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना, निवर्तमान सभासद संदीप अरोरा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, सतीश गुप्ता, अध्यक्ष मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा, वरिष्ठ किसान शेर सिंह विर्क उपस्थित थे।


Spread the love

You missed