कोटद्वार—  आज कोटद्वार में एक बार फिर कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शनिवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

पटेल मार्ग स्थित एक दुकान का नाम ‘बाबा’ रखने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई।

Advertisement

हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाकर थाने की ओर ले गए। इस दौरान करीब 20 मिनट तक पटेल मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

नाम बदलने को लेकर पुराना विवाद

यह विवाद नया नहीं है। दो दिन पहले भी दुकान के नाम को लेकर बहस और धक्कामुक्की का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देशभर में सुर्खियां बटोर रहा है, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले ही दुकानदार से आपत्ति जताते हुए कहा था कि दुकान शिफ्ट होने के बाद नाम बदला जाएगा, लेकिन दुकान स्थानांतरित होने के बावजूद नाम नहीं बदला गया।

“कोटद्वार में बाबा नाम सिद्धबली बाबा से जुड़ा है” बजरंग दल

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का दावा है कि कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम का धार्मिक महत्व है और इसे सिद्धबली बाबा से जोड़ा जाता है, इसलिए इस नाम का उपयोग अनुचित बताया गया। उनका आरोप है कि विरोध के दौरान दुकानदार और अन्य लोगों ने उनके साथ धक्कामुक्की की।

See also  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति अंततः गिरफ्तार,,, झांसी से बरामद पप्पू साहू,,,।

वायरल वीडियो में दीपक की एंट्री, बहस के बाद हाथापाई

वायरल वीडियो में एक व्यक्ति खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए मौके पर पहुंचता दिखाई देता है। वीडियो में वह कहता है कि दुकान करीब 30 साल पुरानी है और इस मामले में “नेतागिरी” नहीं होनी चाहिए।

वीडियो में दिखता है कि दुकान के नाम को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और दीपक के बीच तीखी बहस होती है। बातचीत के दौरान धार्मिक पहचान को लेकर भी तर्क-वितर्क होता है, जो बाद में हाथापाई में बदल जाता है। आरोप है कि इस दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को दुकान से बाहर धक्का दिया गया।

दोनों पक्षों की तहरीर, पुलिस जांच में जुटी

कोटद्वार कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस सभी वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों और तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

शनिवार को फिर भड़का विरोध, भारी पुलिस बल तैनात

आज शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर ‘बाबा’ नाम को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते इलाके में तनाव बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

इसी बीच दीपक ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें वह पुलिस और भीड़ के बीच अकेले घिरे हुए नजर आते हैं। वीडियो में वह कहते दिखते हैं “ये लोग माहौल खराब कर रहे हैं… जो गलत है, वो गलत है भाई साहब।”

“इंसानियत की सजा” – दीपक का दावा

दीपक ने वीडियो के साथ पोस्ट में लिखा – “इंसानियत की सजा आज ये मिली… बजरंग दल के 100–150 लोग मुझ अकेले दीपक को बुझाने आए।”

See also  दीपावली :- पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी,,, जरा सी लापरवाही बन सकती है हादसे की वजह,,।

पुलिस की अपील: शांति बनाए रखें

पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

You missed