उत्तराखंड– – चमोली जनपद के नंदानगर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम बादल फटने की घटना से भारी तबाही मच गई।
तहसील के कुंतरी गांव और धुर्मा गांव में मलबा आने से कई घर जमींदोज हो गए।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुंतरी वार्ड में 6 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 5 लोग लापता हैं। दो लोगों को बचा लिया गया है, जबकि कई अन्य के घरों में फंसे होने की आशंका है।
धुर्मा गांव में भी 4–5 भवनों को क्षति पहुंची है, हालांकि जनहानि की खबर नहीं है। भारी बारिश से मोक्ष नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है।
मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है, जबकि एनडीआरएफ गोचर से रवाना की गई है। मेडिकल टीम और तीन 108 एम्बुलेंस भी घटनास्थल के लिए भेजी गई हैं।
जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण बचाव कार्य में जुटे हैं, लेकिन खराब मौसम और अंधेरा राहत कार्यों में बाधा बन रहे हैं।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने पुष्टि की है कि नुकसान का आकलन जारी है और जेसीबी मशीनें भी राहत कार्यों के लिए भेजी गई हैं।
मौसम विभाग का भारी बारिश का पूर्वानुमान सही साबित हुआ है, जिससे जनपद में हालात गंभीर बने हुए हैं।
