Spread the love

रुद्रपुर – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मंगलवार को जनपद भर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर गांधी जी का प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम…” गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया।

अपने संबोधन में एडीएम मिश्र ने जनपदवासियों को विजयदशमी और जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपने विचारों और जीवन व्यवहार से पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाया। उन्होंने कहा कि जब तक सृष्टि रहेगी तब तक गांधी और शास्त्री जी के विचार सभी के लिए अनुकरणीय रहेंगे।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने समाज की कुरीतियों को धैर्यपूर्वक दूर करने का काम किया और “अनेकता में एकता” की भावना को सशक्त बनाया। हर व्यक्ति को अपने कर्म ईमानदारी से करना चाहिए, क्योंकि “कर्म ही पूजा है।”

लाल बहादुर शास्त्री जी के योगदान का उल्लेख करते हुए एडीएम ने कहा कि उनका दिया नारा “जय जवान, जय किसान” देश के समग्र विकास की गाथा कहता है। जब देश का युवा प्रगति करेगा और किसान खुशहाल होगा, तभी भारत नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा व खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में तहसीलदार दिनेश कुटोला, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गणेश आर्या, देव प्रकाश चक्रवर्ती सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

See also  पिता ने मोबाइल चलाने पर डांटा,,, 14 वर्षीय बेटी ने उठा लिया खौफनाक कदम।


Spread the love