Spread the love

रुद्रपुर – पीएसी 31वीं वाहिनी रुद्रपुर के 55वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को वाहिनी परिसर में चार दिवसीय मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त दीपक रावत ने फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और प्रदर्शनी की सराहना की।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए मंडलायुक्त रावत ने पीएसी के जवानों, अधिकारियों और उनके परिजनों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पीएसी जवान जनसुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं।

सेनानायक पंकज भट्ट ने बताया कि 1 से 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेला आयोजित होंगे। 3 अक्टूबर को समापन अवसर पर लकी ड्रा और पुरस्कार वितरण भी होगा।

उद्घाटन दिवस पर पीएसी महिला बैंड ने पहाड़ी धुनों से वातावरण को सुरमय बना दिया। वहीं कुमाऊनी लोक गायक जितेंद्र तुमकियाल, प्रीति, ज्योति और मां नैनी सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और नृत्यों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक आर. डी. मठपाल, उप सेनानायक मिथलेश कुमार सिंह, सहायक सेनानायक तपेस कुमार चंद, शिविरपाल राकेश महरा, तहसीलदार दिनेश कुटोला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जवान व उनके परिजन मौजूद रहे।


Spread the love

You missed