Spread the love

रुद्रपुर – हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड और ममता संगठन के संयुक्त सौजन्य से मोबाइल स्वास्थ्य सेवा वाहन को आज जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

जिलाधिकारी भदौरिया ने कहा कि यह मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए वरदान साबित होगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को इलाज और स्वास्थ्य परामर्श घर के नजदीक ही मिल सकेगा। उन्होंने इस पहल के लिए हिन्दुस्तान जिंक कम्पनी और ममता संगठन की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्तान जिंक की निदेशक अनामिका झा ने जानकारी दी कि राजस्थान के चार जिलों के साथ-साथ उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के गदरपुर और किच्छा क्षेत्र के 25 गांवों में यह सचल चिकित्सा वाहन सेवा शुरू की गई है। प्रत्येक वाहन में डॉक्टर, स्टाफ नर्स और काउंसलर उपलब्ध रहेंगे, जो ग्रामीणों को परामर्श, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उप जिलाधिकारी गौरव पांडेय, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.के. सिन्हा, हिन्दुस्तान जिंक प्लांट डायरेक्टर अनामिका झा, सीएसआर हेड नमरायशा, ममता एचआईएमसी के उप निदेशक मुरारी चंद्रा, क्षेत्रीय प्रबंधक हेमेन्द्र शर्मा, कार्यक्रम अधिकारी तान्या सिंह, जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नरीश सक्सेना, और डॉ. राकेश समेत कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Spread the love