Spread the love

हल्द्वानी—   शहर की प्रतिभाशाली छात्रा जिज्ञासा गंगवार ने प्रतिष्ठित JEE Main परीक्षा में 99.36 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे नगर को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से शैक्षणिक जगत में हर्ष और गर्व का माहौल है।

बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा जिज्ञासा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर समर्पण के बल पर यह सफलता अर्जित की। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इसे संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण बताया है।

विद्यालय की संस्थापक प्रबंधक निरूपमा भट्ट तलवार, प्रबंधक तिलक राज तलवार, प्रधानाचार्या मीना सती, उप-प्रधानाचार्य एच. एस. बब्बर, प्रशासक निशा सिंह, सलाहकार के. दत्त, विभागाध्यक्ष अनीता बिष्ट तथा कक्षा अध्यापिका शोभा नियोलिया सहित समस्त शिक्षकों ने जिज्ञासा और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह सिद्ध करती है कि सही मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण में प्रतिभा अवश्य निखरती है।

इस अवसर पर जिज्ञासा गंगवार ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के सहयोगी शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा माता-पिता के सतत प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि जिज्ञासा भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर संस्थान और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।


Spread the love