
लालकुआं—- क्षेत्र की चर्चित औद्योगिक इकाई में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मदरसन कंपनी में कार्यरत एक महिला कर्मी अचानक चलते-चलते गिर पड़ी। महिला को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान रिमझिम के रूप में हुई है, जो कंपनी में कार्यरत थी।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है। प्राप्त हो रही जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है रिमझिम कंपनी परिसर के सामने अचानक बेहोश होकर गिर गई थी। इसके बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से एंबुलेंस के जरिए उसे बेस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया जाता, तो शायद उसकी जान बच सकती थी। उनका आरोप है कि हल्दूचौड़ अस्पताल, सुशीला तिवारी अस्पताल या रास्ते में पड़ने वाले किसी अन्य चिकित्सालय में तत्काल इलाज नहीं कराया गया।
परिजनों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन ने स्थिति की गंभीरता को समय पर नहीं समझा और उपचार में देरी की गई। अब परिवार लालकुआं कोतवाली में तहरीर देने की तैयारी कर रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और कंपनी कर्मचारियों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
