Spread the love

नैनीताल—-   उत्तराखंड सरकार ने नैनीताल जिले की झीलों और पर्यटन स्थलों को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। शासन के आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल, भवाली और नैनीताल में चल रही एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

भीमताल और नौकुचियाताल झीलों के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे। योजनाओं में आधुनिक बोटिंग सुविधाएं, आकर्षक पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, पार्किंग, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग शामिल हैं। वहीं कमलताल क्षेत्र को भी नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

भवाली में मल्टीलेवल पार्किंग और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि नैनीताल शहर में सैकड़ों वाहनों की क्षमता वाली नई पार्किंग परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

सचिव ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि लंबित परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटन को नई गति मिलेगी, यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


Spread the love