Spread the love

हल्द्वानी—   शहर के व्यस्त तिकोनिया चौराहे के पास स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के तीनों फ्लोर इसकी चपेट में आ गए और अंदर रखा लाखों लीटर शराब का स्टॉक व अन्य सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 1:50 बजे आग लगने की सूचना फायर स्टेशन हल्द्वानी को मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अधिकारी मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में तीन दमकल वाहनों के साथ फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। उस समय दुकान का शटर बंद था और अंदर से आग की तेज लपटें निकल रही थीं।

अग्निशमन कर्मियों ने शटर खोलकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आग की चपेट में आए 19 किलो के एलपीजी सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकालकर ठंडा किया गया, जिससे एक संभावित बड़ा विस्फोट और गंभीर हादसा टल गया।

फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।

फायर कर्मियों की सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।


Spread the love

You missed