Spread the love

हल्द्वानी—  मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने करीब 1.85 करोड़ रुपये कीमत की 618 ग्राम स्मैक के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई काठगोदाम क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट घेराबंदी कर दो तस्करों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी गजब सिंह (27) और उसके सगे भाई सीताराम (37) के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और राजस्थान नंबर की कार बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी राजस्थान से स्मैक लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे। योजना काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति को नशे की खेप सौंपने की थी, जिसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाना था। इससे पहले ही पुलिस ने पूरी साजिश पर पानी फेर दिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने इस बड़ी सफलता पर पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

See also  अरे भाई, राहुल गांधी को इतनी गंभीरता से क्यों लेते हो ?"- सी.एम.धामी

Spread the love