कोटद्वार—   शहर को आधुनिक बस अड्डे की सौगात देने का सपना आज भी अधूरा है। मोटर नगर में प्रस्तावित आधुनिक बस टर्मिनल का निर्माण शुरू हुए वर्षों बीत चुके हैं, लेकिन परियोजना धरातल पर उतरने के बजाय सरकारी सिस्टम की लापरवाही और विवादों में उलझकर रह गई। बस अड्डे के नाम पर मोटर नगर में बना गड्ढा आज भी शहर की बदहाल व्यवस्था की कहानी बयां कर रहा है।

दरअसल, तत्कालीन नगर पालिका ने 23 मार्च 2013 को पीपीपी मोड पर मोटर नगर में आधुनिक बस टर्मिनल बनाने का जिम्मा एक निजी संस्था को सौंपा था। करीब 1.838 हेक्टेयर भूमि में प्रस्तावित इस परियोजना के तहत संस्था को मार्च 2015 तक निर्माण कार्य पूरा कर नगर पालिका को सौंपना था।

लेकिन शुरुआत से ही परियोजना कई अड़चनों में फंसती चली गई। भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन समय पर नहीं हुआ। इसके बाद निर्माण स्थल पर पहले से मौजूद दुकानों और भूमि खाली कराने की समस्या ने परियोजना की रफ्तार रोक दी।

नतीजा यह हुआ कि निर्धारित समय सीमा बीत गई, लेकिन बस अड्डे का निर्माण पूरा नहीं हो सका।

बस अड्डा नहीं, सड़कों पर चल रहा यातायात
आधुनिक बस अड्डा नहीं होने का खामियाजा आज शहर की यातायात व्यवस्था को भुगतना पड़ रहा है। सड़कों के किनारे बसों, जीप और टैक्सियों की कतारें लगी रहती हैं। नजीबाबाद चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर टैक्सी चालकों ने अस्थायी पार्किंग बना रखी है।

जीएमओयू और रोडवेज की बसों का संचालन भी व्यवस्थित बस अड्डे के अभाव में प्रभावित होता है। इससे न केवल जाम की स्थिति पैदा होती है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

See also  नाबालिग से गैंगरेप मामला,,, त्रिशूल होमस्टे पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर,,।

जनता के मन में आज भी वही सवाल
मोटर नगर में आधुनिक बस अड्डे की परिकल्पना शहर को बेहतर यातायात व्यवस्था देने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन वर्षों बाद भी यह सपना अधूरा है। सवाल यह है कि आखिर मोटर नगर की इस महत्वाकांक्षी परियोजना को कब गति मिलेगी, शहर को आधुनिक बस अड्डा कब मिलेगा और जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब निकालेंगे।

You missed