हल्द्वानी/नैनीताल— 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कुमाऊं के द्वार हल्द्वानी से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। हल्द्वानी में 9 और 10 सितंबर को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति का महामंथन होने जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार रामपुर रोड स्थित विंटेज बैंक्वेट हॉल में ये बैठक आयोजित होगी। इस बैठक को महज संगठनात्मक कवायद नहीं, बल्कि 2027 चुनाव की रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
9 सितंबर को पदाधिकारियों की बैठक, 10 को कार्यसमिति-
9 सितंबर को प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक होगी, जबकि 10 सितंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। बैठक में संगठन की स्थिति, विधायकों के प्रदर्शन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा पर मंथन होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा–
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विंटेज हल्द्वानी में कार्यक्रम स्थल का भूमि पूजन कर तैयारियों का शुभारंभ किया है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यसमिति संगठन की आगामी कार्ययोजना, जनसेवा के संकल्प और प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन का अवसर होगी।
शुद्धीकरण विवाद के बीच काउंटर प्लान—
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ विवाद के बाद भाजपा का यह कार्यक्रम राजनीतिक नैरेटिव को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
सिर्फ संगठन नहीं, सामाजिक समीकरण भी साधेगी BJP—
10 सितंबर को ही हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन और रुद्रपुर में सिख/पंजाबी गौरव सम्मेलन का भी आयोजन रखा गया है, जिससे पूर्व सैनिक और सिख-पंजाबी मतदाताओं को साधने की रणनीति है।
इस बैठक के लिए चंपावत, पिथौरागढ़ समेत पूरे कुमाऊं से भाजपा नेता हल्द्वानी पहुंच रहे हैं।
