रुद्रपुर—  भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा।

जोश और नारेबाजी के बीच निकली पदयात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों को भाजपामय बना दिया। पूरा शहर भाजपा के झंडों, बैनरों और नारों से सराबोर नजर आया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया।

Advertisement

मुख्यमंत्री के आगमन पर भाजपा जिला संगठन और नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क में विशाल जनसभा से हुई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले का शुभारंभ किया। जनसभा के बाद पदयात्रा का शुभारंभ हुआ।

पदयात्रा में सबसे आगे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश से सुसज्जित रथ चल रहा था। इसके पीछे छोलिया नृत्य प्रस्तुत करते कलाकारों की झांकी थी, जिसने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी। मुख्यमंत्री सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर आगे बढ़े।

गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा बाटा चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक, अग्रवाल धर्मशाला मार्ग, काशीपुर बाईपास और अग्रसेन चौक होते हुए पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।

मार्ग में व्यापारियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। ‘जय श्रीराम’ और ‘मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद’ के नारों से शहर गूंजता रहा।

स्वागत के लिए महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से मार्ग पर पांच स्थानों पर जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी।

See also  चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक अभियुक्त गिरफ्तार,,।

लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की छतों से भी फूल बरसाए। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

पदयात्रा में सिख समुदाय, मोबाइल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट एवं श्रीपाल राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा एवं अरविंद पांडेय, महापौर विकास शर्मा, दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You missed