कोटद्वार–   भाबर क्षेत्र के घमंडपुर मुख्य बाजार में सोमवार देर रात कपड़ों की एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रूपये का सामान जलकर राख हो गया।

दमकल कर्मियों ने करीब छ: घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन मंगलवार तड़के दुकान में एक बार फिर आग भड़क उठी। इससे आसपास की दुकानों को भी खतरा पैदा हो गया।

Advertisement

सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने दोबारा अभियान चलाकर आग बुझाई।घटना सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे की है। भाबर के वार्ड संख्या-29 स्थित घमंडपुर में स्टेट बैंक के समीप एक कपड़ों की दुकान से राहगीरों को धुआं उठता दिखाई दिया।

उन्होंने इसकी सूचना दुकान स्वामी दीपक कुमार निवासी नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश) को दी। दीपक के शहर से बाहर होने के कारण वह तत्काल मौके पर नहीं पहुंच सके। इस पर आसपास के लोगों ने दुकान के ताले तोड़कर शटर खोला। शटर खुलते ही दुकान के भीतर से धुएं के साथ आग की लपटें बाहर निकलने लगीं।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब छ: घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दमकल टीम वापस लौट गई, लेकिन मंगलवार सुबह तड़के दुकान में फिर से आग भड़क उठी।

आग फैलने से आसपास की दुकानों को भी खतरा होने लगा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोबारा आग बुझाई। दुकान स्वामी दीपक कुमार ने बताया कि वह दुकान में कोट-पैंट सहित अन्य कपड़ों का व्यापार करते थे।

See also  चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक अभियुक्त गिरफ्तार,,।

अग्निकांड में दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। दमकल विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।