लालकुआं–   दुग्ध उत्पादन एवं सहकारिता के क्षेत्र में नैनीताल जनपद के लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने प्रदेशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

बेहतर कार्यप्रणाली, दुग्ध उपार्जन और उपलब्धियों के दम पर लालकुआं दुग्ध संघ को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए उत्तराखंड का सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ घोषित किया गया है।

Advertisement

इस उपलब्धि से लालकुआं सहित पूरे नैनीताल जनपद के दुग्ध उत्पादकों और सहकारिता क्षेत्र का मान बढ़ा है।

उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, 20 हजार लीटर से अधिक दैनिक प्रसंस्करण क्षमता वाले मैदानी क्षेत्र के दुग्ध संघों की श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपार्जन संबंधी गतिविधियों के आंकड़ों के आधार पर लालकुआं दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया है।

आयोजित शक्तिफार्म, ऊधम सिंह नगर में आयोजित पशुपालन चिंतन गोष्ठी एवं मेले में प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने लालकुआं दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को सम्मानित करते हुए सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।

इस अवसर पर मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मुकेश बोरा को सम्मानित कर संघ की उपलब्धि की सराहना की।

प्रमाण-पत्र उत्तराखंड सहकारी डेरी फैडरेशन के प्रबंध निदेशक जयदीप अरोड़ा, सामान्य प्रबंधक आरएम तिवारी एवं उप महाप्रबंधक पीएस नागपाल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया है।

इस सम्मान को संघ की बेहतर कार्यप्रणाली, प्रबंधन क्षमता और दुग्ध उत्पादकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों की मेहनत, दुग्ध समितियों की सक्रियता और सहकारी व्यवस्था के सहयोग से लालकुआं दुग्ध संघ ने यह मुकाम हासिल किया है।

You missed