हल्द्वानी–   नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हल्द्वानी स्थित भाजपा कुमाऊँ संभाग कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ अभियान’ पर तीखा प्रहार किया।

सांसद भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान प्रदेश की भूमि संरक्षण की मुहिम नहीं, बल्कि अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश है। कांग्रेस को भूमि संरक्षण की बात करने से पहले अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों का जवाब देना चाहिए।

Advertisement

उन्होंने कहा कि नानीसार में पंचायत की 7.061 हेक्टेयर भूमि महज 1200 रुपये सालाना किराये पर 30 वर्ष की लीज पर देने और विरोध करने वाले 381 लोगों पर मुकदमे दर्ज होने का प्रकरण कांग्रेस की कथनी-करनी के अंतर को उजागर करता है।

इसी तरह धौलास भूमि विवाद, टाटा मोटर्स-सिडकुल भूमि आवंटन, नदी तटबंध की भूमि और एनएच-74 प्रकरण जैसे मामलों में कांग्रेस को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की नीति सरकारी जमीन बेचने की नहीं, बल्कि स्वामित्व सुरक्षित रखते हुए सदुपयोग करने की है। अनुपयोगी भूमि को नियम-शर्तों के तहत लीज पर देकर उद्योग, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना सरकार की इच्छाशक्ति दर्शाता है। 7 हजार बीघा जमीन बेचने के कांग्रेस के आरोप भ्रामक हैं।

सरकारी जानकारी के अनुसार इस संबंध में केवल तीन बोलियां प्राप्त हुई हैं और कोई बोली अंतिम नहीं हुई है। कांग्रेस लीज और बिक्री के अंतर को छिपाकर जनता को गुमराह कर रही है।

See also  नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने लगाए शुद्ध बताशे एवं खिलौनों के स्टॉल,,, महापौर गजराज बिष्ट ने किया उद्धघाटन,,,।

भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने सख्त भू-कानून के माध्यम से स्थानीय हितों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए हैं। वर्ष 2025 में 6.03 करोड़ यात्रियों और 1.93 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को दर्शाता है।

निवेश से स्थानीय युवाओं, होटल व्यवसायियों, टैक्सी संचालकों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा का दृष्टिकोण स्पष्ट है – सरकारी भूमि सुरक्षित रहे, स्थानीय अधिकार संरक्षित रहें, पर्यावरण मानकों का पालन हो और निवेश से रोजगार के अवसर पैदा हों। भूमि संरक्षण और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं।

पत्रकार वार्ता में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी एवं जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल उपस्थित रहे।

You missed