हल्द्वानी—- प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली की कड़ी आलोचना की है।
प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण और प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि विभाग अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से नहीं कर रहा। व्यापारियों की बकाया धनराशि समय पर अदा नहीं हो रही है, वहीं टैक्स चोरी का सामान धड़ल्ले से प्रदेश में आ रहा है लेकिन विभाग बॉर्डर पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इससे रजिस्टर्ड और ईमानदार व्यापारी परेशान हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कुछ अधिकारी काले कारोबार से अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं और टैक्स सिंडिकेट चला रहे हैं। व्यापारी विभाग की कार्यप्रणाली से त्रस्त हैं।
व्यापार मंडल ने कहा – हम टैक्स चोरी का समर्थन नहीं करते, लेकिन व्यापारी उत्पीड़न किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। यदि नाजायज परेशान किया गया तो व्यापार मंडल जीएसटी कार्यालय का घेराव कर विरोध करेगा।
विरोध में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्स्वाण, प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, रणनीति सलाहकार दीपक माहेश्वरी, महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महामंत्री ऋषभ पाठक, जिला अध्यक्ष कुंदन बिष्ट, जिला महामंत्री प्रज्ञान भारद्वाज, अश्मित गुजराल आदि मौजूद रहे।

