
गाज़ियाबाद— बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिफेंस एनक्लेव में लायंस ओलंपियाड के प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान समारोह विद्यालय की प्रार्थना सभा में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन विशाल वड़ेहरा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि लायंस ओलंपियाड केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही उन्हें जीवन में ऊंचाइयों तक ले जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि जो विद्यार्थी आज सम्मानित हो रहे हैं, वे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे और जो इस बार सफल नहीं हो पाए, उन्हें निराश होने की बजाय और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी इस स्तर तक पहुंच पाते हैं।

विशिष्ट अतिथि संभागीय अध्यक्ष लायन वेद प्रकाश रुस्तगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी क्षमताओं का विस्तार करना चाहिए।
उन्होंने लायंस ओलंपियाड को एक ऐसा मंच बताया, जहां विद्यार्थी अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सही प्रबंधन करने और निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।
ओलंपियाड के समन्वयक एवं जोन चेयरमैन लायन अनिल कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में ओलंपियाड की पूरी प्रक्रिया एवं उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लायंस ओलंपियाड का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि हर छात्र अपनी प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर सुधरता है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने विद्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल के सहयोग के बिना इस प्रकार के सफल आयोजन संभव नहीं हो सकते। साथ ही उन्होंने आगामी चरणों के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप प्रांत पाल लायन महेश बंसल, क्लब अध्यक्ष लायन शैलेन्द्र मोहन, लायन सचिव अंजू गुप्ता, लायन राम निवास सिंघल एवं लायन धीरेन्द्र जोशी, मीडिया प्रभारी मनोज अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती संतोष आहूजा ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर विद्यालय की समन्वयक श्वेता गुप्ता का सहयोग अतुलनीय रहा।
