Spread the love

नैनीताल—   जलजनित एवं मौसमी रोगों की रोकथाम तथा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

आज आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 101 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार औषधियों का वितरण किया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 46 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस दौरान 36 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए, 69 लोगों की स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग की गई तथा 10 लोगों को टेलीकंसल्टेंसी के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। गंभीर अथवा आवश्यकता वाले 6 मरीजों को उपचार के लिए भर्ती किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा सरियाताल, भल्यूटी, चोपड़ा एवं बेलवाखान में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीमों ने लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जलजनित एवं मौसमी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय एवं बेस चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित जो भी मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं, उनका संवेदनशीलता के साथ समुचित उपचार एवं आवश्यक परामर्श सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को अपने-अपने क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से मौसमी एवं जलजनित रोगों के लक्षण, बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, हाथों की स्वच्छता, ओआरएस के उपयोग तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के संबंध में आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

See also  जीएसटी विभाग बॉर्डर पर टैक्स चोरी रोके,,,, ईमानदार व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं :- व्यापार मंडल

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लोग स्वयं उपचार करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता का कार्य कर रही हैं।


Spread the love

You missed