Spread the love

हल्द्वानी—   बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के आम जनता का उपचार करने वाले कथित झोलाछापों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सर्वजन दिव्यांग कल्याण समिति के अध्यक्ष शंकर लाल एवं सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कैंप कार्यालय, हल्द्वानी में धरना दिया गया।

धरने के दौरान समिति के अध्यक्ष शंकर लाल एवं सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिना चिकित्सकीय डिग्री एवं आवश्यक योग्यता के मरीजों का उपचार करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के उपचार किए जाने से आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका रहती है।

ज्ञापन में ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में संचालित सभी क्लीनिक एवं अस्पताल क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित किए जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्लीनिक एवं अस्पतालों में निर्धारित मानक पूर्ण नहीं पाए जाते हैं, उनकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा शंकर लाल को मामले में आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में विभाग द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


Spread the love

You missed