हल्द्वानी— शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में ‘शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन विश्वविद्यालय के सी.डी.एस. जनरल बिपिन रावत बहुउद्देशीय सभागार में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ निदेशक अकादमिक प्रो. पी.डी. पंत के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का स्वागत करते हुए शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शेर सिंह सामंत, वरिष्ठ वैज्ञानिक, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय एन.एस.ए.आई. तथा एच.एफ.आर.आई. के पूर्व निदेशक, का विज्ञान एवं हिमालयी अध्ययन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा, अनुसंधान एवं ज्ञान के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
डॉ. सामंत ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए ‘विद्यार्थियों के करियर एवं ज्ञान निर्माण में शिक्षकों की भूमिका’ विषय पर प्रस्तुतीकरण दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नैतिक मार्गदर्शक की भूमिका भी निभाते हैं। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन, सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देना भी शिक्षक के दायित्वों का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की यात्रा के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अनेक प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए।
माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक शिक्षक अपने जीवनकाल में अनेक भूमिकाओं का निर्वहन करता है और प्रत्येक भूमिका को पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निभाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक का मूल्यांकन प्रतिदिन होता है, इसलिए उसे प्रत्येक परिस्थिति में अपना सर्वोत्तम प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा अपनाए जा रहे शिक्षार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षक, शिक्षाविद् एवं परामर्शदाता के रूप में हमें मिलकर शिक्षार्थियों के हित में कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के पैनल में माननीय कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, निदेशक अकादमिक प्रो. पी.डी. पंत एवं डॉ. नीरजा सिंह उपस्थित रहे। समारोह में विश्वविद्यालय की विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. कल्पना लखेड़ा द्वारा किया गया। अंत में डॉ. नीरजा सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाली आईसीटी टीम, मीडिया टीम तथा आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
