हल्द्वानी— भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को एनआईसी कक्ष, तहसील हल्द्वानी में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक हुई। बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन जुड़े।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी / अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि हर सोमवार को राजनैतिक दलों के साथ साप्ताहिक बैठक की जा रही है। आज की बैठक में ERO भी मौजूद रहे और दलों द्वारा उठाए गए सभी प्रश्नों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
बारिश से अनुपस्थित लोगों को अतिरिक्त मौका
कुछ दलों ने बताया कि बारिश के कारण हियरिंग में कई मतदाता उपस्थित नहीं हो पाए। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जो लोग 6, 7, 8 सितंबर की हियरिंग में नहीं पहुंच पाए हैं, वे आज अपने संबंधित बूथों पर पहुंच सकते हैं। जो आज नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 8 और 9 सितंबर का अवसर है। और 9 तक भी जो नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए 10 और 11 सितंबर तक अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस स्तर से तिथि बढ़ाने का अधिकार नहीं है और अभी तिथि बढ़ाने की कोई आवश्यकता भी नहीं है, क्योंकि हियरिंग सुचारू रूप से चल रही है। हियरिंग 7, 8 और 9 सितंबर तक चलेगी और 9 सितंबर को समाप्त होगी।
100% सुनवाई पूर्ण
बैठक में बताया गया कि जनपद के कुल 6,93,325 मतदाताओं में से जारी 2,35,000 नोटिसों पर 100% सुनवाई पूर्ण कर ली गई है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि जिन मतदाताओं को नोटिस मिला है, वे अपनी समस्या से अपने ARO को अवगत कराएं। किसी भी समस्या पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती, भाजपा से दिनेश खुल्वे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल तथा बसपा से हरीश चंद्र सिनौली समेत विभिन्न दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
