कोटद्वार— राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार के सभागार में यू-कास्ट (U-COST) एवं विद्यालयी शिक्षा विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग 2026 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह, विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, सेवानिवृत्त अपर शिक्षा निदेशक प्रदीप रावत एवं खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर दो स्तरों में आयोजित की गई।
इसमें जनपद के 15 विकासखंडों के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। स्क्रीनिंग परीक्षा के बाद जूनियर व सीनियर स्तर पर 6-6 छात्रों का चयन कर सात चक्रों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में श्रवण रावत, सरिता रौतेला, दीपक नौटियाल, सीतांशु खुगशाल, कविता बिष्ट रावत, रश्मि उनियाल, पूनम पांथरी, रितु व अनिता मौजूद रहे।

इस अवसर पर जिला समन्वयक प्रधानाचार्य मुकेश रावत, मनमोहन सिंह चौहान, उमाकांत कुकरेती, राजेंद्र सुंदरियाल, ब्लॉक समन्वयक सरिता रौतेला, श्रवण रावत, अजय, अनिल काला, राकेश पोखरियाल सहित कई शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।
