Spread the love

नैनीताल—   मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर ज्योलिकोट एवं जलजनित रोगों से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी हैं।

आज आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 133 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। शिविरों में लोगों को ओआरएस एवं जिंक भी वितरित कर जलजनित रोगों से बचाव एवं उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से गंभीर लक्षण वाले 4 मरीजों को आवश्यक उपचार के लिए भर्ती किया गया। जांच के दौरान 48 ब्लड सैंपल लिए गए, जिन्हें आवश्यक जांच के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए सचल चिकित्सा वाहन के माध्यम से भी लगातार स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण किया जा रहा है। आज सचल वाहन द्वारा नैना गांव एवं मनोरा गांव में पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

अस्पतालों से उपचार के बाद घर लौटे मरीजों की भी स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार काउंसलिंग की जा रही है। टीमों द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों को पुनः अपील की गई है कि पानी को उबालकर अथवा सुरक्षित तरीके से शुद्ध कर ही पिएं तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य टीमों को प्रभावित एवं आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक दवा वितरण तथा लोगों को जलजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

See also  आवारा पशु बने जानलेवा :- गाय को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत,,।


Spread the love

You missed