हल्द्वानी— नगर निगम सभागार में रविवार को वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय की संयुक्त अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक सरकार के आधार स्तंभ हैं और उनकी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। सरकार वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, बैंकों में वरीयता और सुरक्षित फुटपाथ जैसी सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता के साथ वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागवार समय-सीमा तय की जाए ताकि समयबद्ध निस्तारण हो सके।
वरिष्ठ नागरिकों ने रखीं ये प्रमुख मांगें:
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त करने, बीट पुलिस की नियमित विजिट, पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने, शहर में सुगम आवागमन के लिए अतिक्रमण हटाने, सार्वजनिक स्वच्छता और शौचालय व्यवस्था सुधारने तथा जिला प्रशासन स्तर पर भी नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आग्रह किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि वर्तमान में वरिष्ठ नागरिक साइबर ठगी का ज्यादा शिकार हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें। उन्होंने अपील की कि जिन वरिष्ठ नागरिकों के बच्चे बाहर रहते हैं और वे अकेले रहते हैं, वे अपने थाने में अपना नाम और मोबाइल नंबर जरूर दर्ज कराएं। आपात स्थिति में 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में समिति के अध्यक्ष भुवन भाष्कर पांडे, डी.के. पांडे, एसडीएम मोनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निगम, पेयजल और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
