Spread the love

नैनीताल/हल्द्वानी—  जनपद नैनीताल में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर उत्पन्न हो रही संभावित दिक्कतों के बीच जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार अब जनपद की सभी गैस एजेंसियां घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण सीधे एजेंसी परिसर से नहीं करेंगी। इसके स्थान पर उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से घर-घर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं में अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण तकनीकी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है। इससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है और समय पर गैस आपूर्ति में भी बाधा आ रही है।

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर पहुंचाकर सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम तरीके से गैस उपलब्ध हो सके।

साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी पहुंच सकते हैं। बुकिंग के बाद एजेंसी द्वारा नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल की स्वीकृति से जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

See also  कालाढूंगी में तेज़ रफ्तार कार ने ठेले के उड़ाए परखच्चे ,,, युवक की मौत,,,,।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं और डोर-टू-डोर गैस वितरण व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि पूरे जनपद में गैस आपूर्ति प्रणाली सुचारु रूप से संचालित हो सके।


Spread the love