Spread the love

देहरादून—  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को राज्य में जन स्वास्थ्य के प्रति कोई समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने नकली दवाओं के उत्पादन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने हेतु जिलाधिकारियों, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त अभियान चलाने को कहा।

धराली आपदा से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने राजस्व सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति से शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। रिपोर्ट के आधार पर अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी राहत और पुनर्वास कार्य शुरू किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य में व्यापक स्तर पर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का निर्देश देते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अहम कदम होगा। उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों से सरकारी क्रय में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ाने का आह्वान किया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के लिए उचित प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने और समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को जनता से किए गए वादों को तेजी से लागू करने के निर्देश देते हुए दोहराया कि सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।


Spread the love

You missed