श्रीनगर/गढ़वाल– मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए श्रीनगर फायर यूनिट ने मुसीबत में फंसी एक बेजुबान गाय का सकुशल रेस्क्यू किया।
डायल 112 से मिली सूचना –
डायल 112 के माध्यम से फायर यूनिट श्रीनगर को सूचना प्राप्त हुई कि मैथाणा गांव, खण्डाह के पास एक गाय पहाड़ी से नीचे गिरकर बीच पहाड़ी ढाल पर फंस गई है तथा उसे सुरक्षित निकालने हेतु सहायता की आवश्यकता है।

सूचना प्राप्त होते ही श्रीनगर फायर यूनिट की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर गाय एक पहाड़ी की ढाल पर फंसी हुई थी, जहां से उसका खुद से निकल पाना असंभव था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस टीम ने सूझबूझ, तत्परता एवं कुशलता का परिचय देते हुए रेस्क्यू रोप की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सकुशल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जिसके उपरांत गाय को ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिया गया।
ग्रामीणों ने फायर सर्विस टीम की इस त्वरित कार्रवाई और मानवीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
फायर सर्विस की अपील – किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 / फायर सर्विस हेल्पलाइन पर सूचना दें।
