देहरादून— उत्तराखंड में ग्राम प्रधानों के लंबे समय से चले आ रहे आंदोलन के बाद आखिरकार सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बड़ा फैसला लिया है। 10 सूत्रीय मांगों को लेकर परेड ग्राउंड से सचिवालय कूच करने के बाद शासन ने चार सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश जारी किए हैं।
यह आदेश 8 अक्टूबर 2026 को सचिव, मुख्यमंत्री शैलेश बगोली की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से किया गया। समिति ग्राम प्रधान संगठन द्वारा मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र में उठाई गई मांगों का बिंदुवार परीक्षण कर अपनी संस्तुति सक्षम स्तर पर प्रस्तुत करेगी।

परेड ग्राउंड से सचिवालय तक प्रदर्शन
प्रदेशभर के ग्राम प्रधान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के सामने गुहार लगा रहे थे। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को प्रदेशभर से हजारों ग्राम प्रधान देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में विशाल सभा के बाद उन्होंने सचिवालय कूच किया।
सचिवालय से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कुछ प्रधान बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोका।
इसके बाद सभी प्रधान सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद शासन स्तर पर वार्ता का आश्वासन मिला और अब समिति गठन का आदेश जारी हुआ है।
चार सदस्यीय समिति में कौन-कौन?
शासन के आदेश के अनुसार समिति में निम्न अधिकारियों को शामिल किया गया है –
– सचिव, पंचायती राज – अध्यक्ष
– सचिव, वित्त – सदस्य
– सचिव, ग्राम्य विकास – सदस्य
– निदेशक, पंचायती राज – सदस्य संयोजक
ग्राम प्रधानों की प्रमुख 10 मांगें क्या हैं?
1. ग्राम प्रधानों को न्यूनतम ₹20,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।
2. मनरेगा / VB-G RAM G योजना में पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए श्रमिकों की उपस्थिति की व्यवस्था में बदलाव किया जाए।
3. पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण ऑनलाइन उपस्थिति (NMMS) दर्ज कराने में आ रही दिक्कतों का समाधान किया जाए।
4. अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी ₹600 प्रतिदिन और कुशल श्रमिकों की ₹800 प्रतिदिन की जाए।
5. ग्राम पंचायतों के अधिकारों में कटौती न की जाए और विकास कार्यों में प्रधानों की भूमिका बरकरार रखी जाए।
प्रधानों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क न होने से मनरेगा में हाजिरी नहीं लग पाती, जिससे काम प्रभावित होता है और मजदूरों को रोजगार नहीं मिल पाता।
अब शासन के आदेश के बाद ग्राम प्रधान संगठन की सभी मांगों पर समिति स्तर से विचार होगा और समिति की रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे का निर्णय लेगी। सरकार के इस कदम के बाद ग्राम प्रधान संगठन में भी सकारात्मक माहौल है।
