Spread the love

नैनीताल–   पर्यटन सीजन के दौरान नैनीताल जिले में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों और आगंतुकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में आने वाले पर्यटक अपने वाहनों को सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी और स्थानीय लोगों व पर्यटकों दोनों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि प्रशासन और पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में सभी पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

डीएम रयाल ने पर्यटकों से उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय रीति-रिवाजों और पारंपरिक मूल्यों का सम्मान करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और अतिथि सत्कार के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि नैनीताल आने वाले सभी पर्यटकों का हृदय से स्वागत है। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लेने के साथ अपने साथ सुखद अनुभव और सकारात्मक संदेश भी लेकर जाएंगे।

इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन, पुलिस, परिवहन, नगर निकाय, जिला पंचायत, पेयजल एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए यातायात व्यवस्था को मजबूत रखा जाए तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

See also  उत्तराखंड में मिली नई जिम्मेदारियां,,, इन नेताओं को मिले दायित्व,,।

Spread the love