नैनीताल— कैंची धाम में बढ़ती पर्यटकों की भीड़ और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया टैक्सी वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा पहले ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि टैक्सी के रूप में संचालित होने वाले दोपहिया वाहन कैंची धाम और भवाली क्षेत्र की ओर संचालन नहीं करेंगे। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते पाए गए।
दिनांक 04 जून 2026 को निरीक्षक यातायात भवाली महेश चन्द्रा के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रैफिक प्लान का उल्लंघन करने और निर्धारित नियमों का पालन न करने वाले 12 दोपहिया टैक्सी वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने सभी सीज वाहनों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली भवाली में दाखिल कर दिया है।
नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि पर्यटन सीजन के दौरान निर्धारित ट्रैफिक प्लान और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस का कहना है कि सभी के सहयोग से ही कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित रखा जा सकता है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नियम तोड़ने वालों के लिए सख्त चेतावनी और जिम्मेदार वाहन चालकों के लिए सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।
