
लैंसडौन— 15 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली के लिए महत्वपूर्ण जानकारी–
1. गब्बर सिंह शिविर, कोटद्वार में 15 जनवरी 2026 से भर्ती रैली और शारीरिक परीक्षणों के अगले चरण के लिए तैयारिया ज़ोर शोर से चल रही हैं। जिन उम्मीदवारों ने भारतीय सेना के अग्निवीर के रूप में राष्ट्र की सेवा करने के लिए पहले कदम के रूप में सीईई 2025 पारित किया है, वे अब 15 जनवरी से इस भर्ती रैली का हिस्सा बनेंगे ।
यह भर्ती रैली गढ़वाल के 7 जिलों जैसे चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार के 13000 से ज़्यादा उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है।

अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन। जैसे पदों के लिए भर्ती की जा रही है।
2. उम्मीदवार ध्यान दें कि रैली स्थल पर पहुंचने पर उम्मीदवारों को आधार वेरीफिकेशन कराना होगा , जिसके लिए उम्मीदवारों से से अनुरोध किया जाता है कि वे अपने साथ आधार लिंक मोबाइल नंबर लेकर आयें।
योग्य उम्मीदवारों को अपने तीन फ़ोटोकॉपी के साथ सभी मूल दस्तावेजों के साथ रैली स्थल पर अपना प्रवेश पत्र अपने साथ लाना होगा।
अनिवार्य दस्तावेज़ों में PAN कार्ड, आधार कार्ड, ऑनलाइन पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, 20 पासपोर्ट आकार की फ़ोटो (रंगीन), शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, स्कूल चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं।
कक्षा 8 की मार्कशीट पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षर किया जाएगा, जबकि धर्म प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र और अविवाहित प्रमाण पत्र पर सरपंच द्वारा हस्ताक्षर किए जाएंगे।
यदि लागू हो, तो उम्मीदवारों को रैली अधिसूचना में उल्लिखित संबंध प्रमाण पत्र, NCC प्रमाण पत्र और खेल प्रमाण पत्र लाने की आवश्यकता होती है। शपथ पत्र रैली स्थल पर ही तैयार किया जाएगा।
3. हमारे संवाददाता से बात करते हुए निदेशक ARO लैंसडाउन, कर्नल आर एस पंवार ने श्रीमती स्वाति भदौरिया, DM, पौड़ी, चतर सिंह चौहान, SDM, कोटद्वार तथा प्रशासन के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है। जिन्होंने रैली की आवश्यकताओं को बहुत अच्छी तरह से समझा है और इस रैली के लिए आवश्यक सभी सहायता प्रदान की है।
कर्नल पंवार ने उम्मीदवारों को जागरूक रहने और अधिकारियों या एजेंटों से दूर रहने की भी सलाह दी, क्योंकि सेना में चयन पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी होता है। प्रलेखन प्रक्रिया, शारीरिक घटनाओं और चिकित्सा परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं है।
4. अनुमानित 1100 उम्मीदवार प्रतिदिन कोटद्वार आने की संभावना है, अतः दूर दराज से आने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने अपनी तरफ़ से अतिरिक्त्त बस सेवा का प्रावधान किया है।
रैली ग्राउंड में प्रवेश हेतु दौड़ के प्रतिभागी एवं मेडिकल के प्रत्याशियों के लिए अलग अलग प्रवेश द्वार बनाए गए है।
रैली के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। किसी भी तरह की आग संबंधित दुर्घटना से बचाने हेतु अग्नि शमन विभाग के दमकल कर्मी ग्राउंड पर ही मौजूद रहेंगे इसके अतिरिक्त प्राथमिक उपचार के लिए चिकित्सा अधिकारी अपने स्टाफ एवं एम्बुलेंस के साथ मौजूद रहेंगे ।
