हल्द्वानी—  प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के हल्द्वानी महानगर इकाई के समस्त पदाधिकारियों ने आज एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड से हल्द्वानी महानगर इकाई का संबंध समाप्त करने की घोषणा की गई है।

नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि नगर इकाई द्वारा लंबे समय से जिला इकाई से व्यापारियों से प्राप्त सदस्यता शुल्क एवं लगभग ₹3,50,000 (तीन लाख पचास हजार रुपये) के हिसाब-किताब तथा लेखा-जोखा के संबंध में बार-बार जानकारी मांगी गई। नगर इकाई का कहना है कि बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद इस संबंध में संतोषजनक एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

इस विषय में नगर इकाई के महामंत्री मनोज जायसवाल ने बताया की प्रदेश कार्यकारिणी को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन नगर इकाई के अनुसार इसके बावजूद जिला इकाई के संबंध में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

नगर व्यापार मंडल का कहना है कि संगठन के संविधान एवं निर्धारित नियमों का पालन नहीं होने, संगठनात्मक स्तर पर उत्पन्न विभिन्न समस्याओं तथा व्यापारियों की सदस्यता राशि के लेखा-जोखा को लेकर लगातार असंतोष की स्थिति बनी हुई थी। इन परिस्थितियों के कारण नगर इकाई को व्यापारियों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

नगर पदाधिकारियों ने बताया कि इन सभी विषयों को लेकर हल्द्वानी के व्यापारियों का नगर व्यापार मंडल पर लगातार दबाव बढ़ रहा था। व्यापारियों के हितों, संगठन की पारदर्शिता एवं जवाबदेही को सर्वोपरि रखते हुए नगर इकाई के समस्त पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड से संबंध विच्छेद करने का निर्णय लिया है।

See also  मंगल पड़ाव कॉम्प्लेक्स पर महापौर की व्यापारियों के साथ अहम बैठक,,।

नगर व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी व्यक्तिगत विवाद के कारण नहीं, बल्कि व्यापारियों के हित, संगठनात्मक पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापारी हितों की मजबूती को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

व्यापारियों के हित में कार्य जारी रहेगा

हल्द्वानी नगर व्यापार मंडल ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य सदैव व्यापारियों की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा व्यापारिक हितों के लिए संघर्ष करना रहा है और आगे भी रहेगा।

प्रांतीय संगठन से संबंध समाप्त होने के बावजूद भी हल्द्वानी नगर व्यापार मंडल पूर्व की भांति व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा तथा उनके हितों के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

नगर व्यापार मंडल के सभी वर्तमान पदाधिकारी अपने-अपने पदों पर यथावत बने रहेंगे और पूर्व की भांति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए व्यापारियों की सेवा एवं संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

नगर व्यापार मंडल ने हल्द्वानी के समस्त व्यापारियों से सहयोग एवं एकजुटता बनाए रखने की अपील करते है नगर व्यापार मंडल समस्त पदाधिकारी योगेश शर्मा महानगर अध्यक्ष मनोज जायसवाल महानगर महामंत्री सचिन गुप्ता वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता कोषाध्यक्ष उपेंद्र कंनवाल संगठन मंत्री संदीप सक्सेना प्रचार मंत्री

You missed