हल्द्वानी— देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ व निकाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले नगर पालिका परिषद बाजपुर, जिला नैनीताल में कार्यरत पर्यावरण मित्र व ऑफिस स्टाफ द्वारा विनियमितीकरण की मांग को लेकर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
इस संबंध में संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी के माध्यम से ज्ञापन भेजा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद बाजपुर के कर्मचारियों द्वारा विनियमितीकरण से संबंधित मांग को लेकर माह जून 2026 में आंदोलन किया गया था। इसके बाद जुलाई माह में निदेशक शहरी विकास की अध्यक्षता में और 18 जुलाई 2026 को नगर विकास मंत्री की अध्यक्षता में प्रदेश नेतृत्व व बाजपुर के संघ पदाधिकारियों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें दो माह के भीतर मांगों के समाधान का आश्वासन दिया गया था।
आरोप है कि आज तक न तो उचित मांगों का समाधान हो पाया है और न ही बाजपुर नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ स्थानीय निकायों में कार्यरत कर्मचारियों की उपेक्षा खत्म हुई है, जिससे कर्मचारियों में सरकार के विरुद्ध रोष उत्पन्न हो रहा है और पुनः आंदोलन की स्थिति बन रही है।
संघ ने मांग की है कि नगर पालिका परिषद बाजपुर के प्रति मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए पूर्व समझौते के अनुसार वार्ता कर उचित कार्रवाई की जाए, अन्यथा मजबूरन संघ को पुनः आंदोलन के लिए विवश होना होगा, जिसका उत्तरदायित्व प्रदेश सरकार/शासन का होगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि नगर विकास मंत्री, सचिव शहरी विकास विभाग, निदेशक शहरी विकास निदेशालय, आयुक्त कुमाऊं मंडल और नगर आयुक्त हल्द्वानी-काठगोदाम को भी भेजी गई है।
