Spread the love

देहरादून—   उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर अपना रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार रविवार से प्रदेश में बारिश का दौर तेज होगा। खासकर 27 जुलाई (सोमवार) को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कुछ स्थानों पर अति तीव्र वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए बागेश्वर जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिला मजिस्ट्रेट अनुराधा पाल के निर्देश पर 27 जुलाई (सोमवार) को जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 जुलाई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर सहित कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका भी जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पूरी तरह पालन करें। अगले 48 घंटे प्रदेश के लिए बेहद संवेदनशील माने जा रहे हैं, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

See also  अमर शहीद मनदीप सिंह रावत जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित।

Spread the love

You missed