Spread the love

श्रीनगर/गढ़वाल—  उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर की उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ जाने से इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

पायलट की सूझबूझ और तत्परता के चलते हेलीकॉप्टर को श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राज्यपाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उड़ान के दौरान पायलट को हेलीकॉप्टर में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने जोखिम न लेते हुए तत्काल नजदीकी सुरक्षित स्थान पर उतरने का फैसला लिया और हेलीकॉप्टर को श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड की ओर मोड़कर सुरक्षित लैंडिंग कराई।

इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल को हेलीपैड से सुरक्षित निकालकर श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस पहुंचाया, जहां वे फिलहाल सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

सूत्रों के मुताबिक तकनीकी टीम हेलीकॉप्टर की जांच कर रही है ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। जांच पूरी होने के बाद ही राज्यपाल के आगे के कार्यक्रम और उड़ान को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

राज्यपाल रि. लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह गैरसैंण जा रहे थे, जहां सोमवार से विधानसभा का सत्र शुरू होना है और पहले दिन बजट पेश किया जाना है।

तकनीकी खराबी का अलर्ट मिलते ही पायलट ने तुरंत एहतियात के तौर पर हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला लिया। इसके बाद चॉपर को श्रीनगर स्थित जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतार लिया गया।


Spread the love

You missed