Spread the love

हल्द्वानी—   उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दिवंगत वाहन चालक शेखर उप्रेती के परिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कुलपति विवेकाधीन कोष से शेखर उप्रेती के परिजनों को 50 हजार रुपये की सहयोग राशि का चेक सौंपा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेखर उप्रेती का एक माह पूर्व लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मानवीय संवेदना के तहत कुलपति विवेकाधीन कोष से सहायता देने का निर्णय लिया।

50,000 रुपये की सहायता राशि का यह चेक उनकी पत्नी को उनके घर जाकर प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से यह सहयोग दिवंगत कर्मचारी के प्रति सम्मान और उनके परिवार के प्रति सहानुभूति का प्रतीक बताया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति सामाजिक दायित्वों को गंभीरता से निभाता रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक एस. पी. सिंह भी मौजूद रहे।


Spread the love