
उत्तराखंड— देहरादून के डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
मामले में फरार चल रहे 6 आरोपियों पर उत्तराखंड पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही, सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) भी प्राप्त कर लिए गए हैं।
घटना का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 13 फरवरी 2026 को डालनवाला थाना क्षेत्र के सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद थाना डालनवाला में मुकदमा अपराध संख्या 30/26 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2) और 238 के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
राजकुमार (जमशेदपुर से, 19 फरवरी 2026)
अक्षत ठाकुर (ग्रेटर नोएडा से, 23 फरवरी 2026)
दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
6 फरार आरोपी, अब इनामी घोषित
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 6 अन्य आरोपियों की पहचान की गई, जो घटना के बाद से फरार हैं। लगातार गिरफ्तारी से बचने के कारण अब इन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
वांछित/इनामी आरोपी
1.अंकित वर्मा – निवासी टंगरा टोली, लोहरदगा/जमशेदपुर (झारखंड)
2.आशुतोष कुमार सिंह – निवासी आर.पी. पटेल स्कूल रोड, जमशेदपुर
3.विशाल सिंह – निवासी गराबासा, बागबेड़ा, जमशेदपुर
4.आकाश कुमार प्रसाद – निवासी बजरंग टेकरी, बागबेड़ा, जमशेदपुर
5.यशराज – निवासी गराबासा, बागबेड़ा, जमशेदपुर
6.जितेंद्र कुमार साहु – निवासी उलीडीह टैंक रोड, पूर्वी सिंहभूम
लगातार दबिश, कई राज्यों में तलाश
पुलिस की अलग-अलग टीमें इन आरोपियों की तलाश में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
