हल्द्वानी— तल्ली बमौरी – लालडांट क्षेत्र के शक्तिनगर फेज-1 में शनिवार रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर पत्थरबाजी हुई। सड़क पर हंगामा और चीख-पुकार से इलाके में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में बने मजदूर क्वार्टरों में रहने वालों के बीच आए दिन विवाद, मारपीट और गाली-गलौज होता रहता है। शनिवार रात विवाद सड़क तक पहुंच गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रकाश पाटनी, विनोद शर्मा और नीता जोशी के प्लॉटों में करीब 59 मजदूर क्वार्टर बने हैं। बार-बार होने वाले विवादों से कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। चाकूबाजी और मारपीट के आरोप भी लगाए गए हैं।
महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में ज्यादा चिंता है। लगातार विवादों से परिवारों में डर का माहौल है, महिलाएं और बच्चियां घर से बाहर निकलने में असहज महसूस कर रही हैं।
बिगड़ते माहौल से परेशान स्थानीय लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया और पार्षद चंदन मेहता को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

