Spread the love

नैनीताल—  मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन एवं ज्ञानवर्धन प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत उत्तराखंड मुक्त (ओपन) विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के दो प्राध्यापकों ने 15 से 20 सितम्बर तक जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली का शैक्षिक भ्रमण किया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य जेएनयू जैसी राष्ट्रीय स्तर की अग्रणी संस्था की शिक्षण प्रणाली, पठन-पाठन पद्धतियाँ, शोध कार्यों का वातावरण, पुस्तकालय एवं डिजिटल संसाधनों का उपयोग तथा मूल्यांकन की प्रक्रियाओं को नज़दीक से समझना था।

विश्वविद्यालय के पर्यटन विभाग से डॉ. अखिलेश सिंह और अर्थशास्त्र विभाग से डॉ. शालिनी चौधरी सहित राज्यभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों और राजकीय महाविद्यालयों से चुने गए कुल 40 प्राध्यापकों ने इस यात्रा में भाग लिया।

भ्रमण के दौरान प्राध्यापकों ने जेएनयू के संकाय सदस्यों के साथ संवाद करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों, परियोजना आधारित शिक्षण, सतत मूल्यांकन, बहस-विमर्श और शोध-परामर्श जैसी प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन किया। प्राध्यापकों का मानना है कि इस शैक्षणिक भ्रमण से उन्हें नवीन तकनीकों, शोध-उन्मुख दृष्टिकोण और छात्र-केंद्रित सीखने के तरीकों को अपनाने की प्रेरणा मिली है।

उन्होंने लौटकर अपने-अपने संस्थानों में इन श्रेष्ठ प्रथाओं को लागू करने का संकल्प लिया, जिससे कक्षा-शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को सीधे-सीधे लाभ मिलेगा।

अंत में, डॉ. अखिलेश सिंह और डॉ. शालिनी चौधरी ने माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा विभाग, एवं कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी का इस महत्वपूर्ण अवसर और दूरदर्शी पहल के लिए आभार व्यक्त किया।


Spread the love

You missed