
उत्तराखंड— नैनीताल जिले में अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कालाढूंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर सड़क पर दौड़ रही एक महिंद्रा थार को पकड़ लिया।
मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी और यूथ कांग्रेस कालाढूंगी विधानसभा अध्यक्ष प्रभजोत गिल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
4 मई 2026 को नयाँगांव तिराहे के पास पुलिस टीम सघन वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काली थार को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जसपाल सिंह उर्फ सोनू निवासी बैलपोखरा, कालाढूंगी बताया। जांच में पता चला कि थार पर लगी नंबर प्लेट दूसरी गाड़ी की थी। आरोपी ने अपने साथी प्रभजोत गिल के साथ मिलकर असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर लगाया था, ताकि वाहन की पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थार को सीज कर दिया है। मामले में FIR दर्ज कर फरार आरोपी प्रभजोत गिल की तलाश जारी है।
