Spread the love

रुद्रप्रयाग–   उत्तराखंड की देवभूमि की गरिमा और यहाँ के लोगों के प्रति सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही अभद्र टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने कड़ा रुख अपनाया है।

उन्होंने जनपद के पुलिस अधीक्षक को मेल भेजते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मोहित डिमरी ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि विगत कुछ समय से सोशल मीडिया और विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर उत्तराखंड के निवासियों के विरुद्ध गाली-गलौज और असभ्य भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।

डिमरी ने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि देवभूमि की संस्कृति पर प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व सोची-समझी साजिश के तहत राज्य में उपद्रव की स्थिति पैदा करने और शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।

हाल ही में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ पर एक बयान को लेकर आशीष नेगी के विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमे का जिक्र करते हुए डिमरी ने स्पष्ट किया कि वे कानून का पूरा सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि न्याय का तराजू सभी के लिए समान होना चाहिए।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जो लोग राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ रहे हैं, उनकी पहचान कर उनके विरुद्ध IT एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में अविलंब FIR दर्ज की जाए।

मोहित डिमरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तराखंड शांतिप्रिय लोगों का राज्य है, लेकिन यदि कोई देवभूमि की अस्मिता और यहाँ के लोगों का अपमान करेगा, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

See also  हल्द्वानी के लाल अजय महरा ,,, देश के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में वैज्ञानिक के रूप में देंगे योगदान,,।

उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसे कृत्य करने वालों पर सख्त नकेल कसने का आग्रह किया है।


Spread the love

You missed