हल्द्वानी— ग्रामीण विकास मंत्रालय की अवर सचिव सुश्री जयंती कनौजिया और ग्रामीण विकास विभाग (DoRD) के संयुक्त निदेशक उमेश कुमार राम ने शनिवार को बैंक ऑफ बड़ौदा RSETI, हल्द्वानी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 31 दिवसीय आवासीय सेलुलर फोन रिपेयर एवं सर्विस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं से संवाद कर उनके अनुभव, कौशल और स्वरोजगार की योजनाओं की जानकारी ली।
सुश्री जयंती कनौजिया ने सभी प्रशिक्षुओं को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने पर बधाई देते हुए उनके आत्मविश्वास और प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं संयुक्त निदेशक उमेश कुमार राम ने संस्थान की प्रशिक्षण व्यवस्था और सुविधाओं का निरीक्षण कर उन्हें संतोषजनक बताया। उन्होंने नए ट्रेड शुरू करने, स्वास्थ्य शिविर, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, जॉब मेले और कार्यशालाओं में प्रतिभागियों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के सुझाव दिए, ताकि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर, ग्राम विकास अधिकारी शैलेश कुमार पंत, संस्थान के निदेशक अतुल कुमार पांडेय सहित बैंक ऑफ बड़ौदा RSETI के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को उनके सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
