Spread the love

उत्तराखंड—  हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल जिले में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड, ग्राम पंचायत और वन पंचायतों तक हजारों पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान लोगों ने सिर्फ पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।

कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल कमिश्नरी परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करते हुए हर व्यक्ति से अपनी माँ के सम्मान और प्रकृति की रक्षा के लिए कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।

वहीं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने हल्द्वानी कैंप कार्यालय परिसर में पौधारोपण कर अधिकारियों को मानसून के दौरान तय लक्ष्य से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में भीमताल विकास भवन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

वन, कृषि, उद्यान, भेषज, सहकारिता और ग्राम्य विकास विभागों के सहयोग से पूरे जिले में यह अभियान जारी है। हरेला पर्व पर हुए इस जन अभियान ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामुदायिक सहभागिता का मजबूत संदेश दिया।


Spread the love

You missed