रिखणीखाल/ पौड़ी गढ़वाल– लैंसडौन विधानसभा के रिखणीखाल प्रखंड के द्वारी-भौन सड़क मार्ग पर कई सालों से डामरीकरण एवं W-Beam Crash Barrier / Guardrail न लगे होने से हमेशा सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
विदित हो कि इस सड़क की कुल लंबाई 31 किलोमीटर है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग का कई सालों से डामरीकरण, झाड़ी कटान और पहाड़ी चट्टानों वाले दुर्गम स्थानों पर W-Beam Crash Barrier लगाने की मांग की जा रही है।

पूरा सड़क मार्ग लगभग पहाड़ी चट्टान वाला और गहरी खाई से सटा हुआ है, लेकिन कहीं भी क्रैश बैरियर नहीं लगे हैं। सड़क पर गहरे गड्ढे होने से वाहनों के पंचर होने और खराब होने की घटनाएं आम हैं।
विगत अगस्त माह में ही एक खाद्यान्न वाहन द्वारी गांव के पास चट्टान के किनारे गहरी खाई में गिर गया था। ऐसी दुर्घटनाएं इस मार्ग पर आम बात हो गई हैं।
प्रधान ने उठाई मांग –
ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती सरिता मैंदोला का कहना है कि सड़क दुर्घटना की आशंका के चलते जगह-जगह रिफ्लेक्टर युक्त क्रैश बैरियर लगाने की सख्त आवश्यकता है, ताकि हादसों पर रोक लग सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस पूरे 31 किमी मार्ग पर जहां संभव हो, जल्द से जल्द डामरीकरण के साथ-साथ W-Beam Crash Barrier लगाए जाएं।
