कोटद्वार– डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के दो स्वयंसेवकों कुशाग्र प्रतिभा के धनी कुणाल बिष्ट एवं प्रियंशी बिष्ट ने राष्ट्रीय एकता शिविर (National Integration Camp – NIC) में प्रतिभाग कर उत्तराखंड राज्य का गौरव बढ़ाया।
यह राष्ट्रीय एकता शिविर दिनांक 25 से 31 अक्टूबर 2026 तक गडपुरी, हरियाणा में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री शंकर बहादुर के नेतृत्व में उत्तराखंड की टीम ने प्रतिभाग किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता से संबंधित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को प्रस्तुत किया।
शिविर से सफलतापूर्वक लौटने पर विद्यालय परिसर में दोनों स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नूतन बिष्ट एवं विद्यालय के अध्यक्ष श्री अर्जुन सिंह बिष्ट व विद्यालय प्रबंधक शेखर उपाध्याय ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपर निदेशक महोदय माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मण्डल पौडी श्री प्रमेन्द्र कुमार बिष्ट एवं मंडलीय कार्यक्रम समन्वयक श्री पुष्कर सिंह नेगी जी ने भी स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और विद्यालय का नाम रोशन करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण कोटद्वार एवं उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।

