लालकुआं— नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध समितियों में प्रबंध कमेटी के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गए। 245 में से 238 समितियों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए, जबकि 7 समितियों में मतदान हुआ।

मुकेश बोरा की 12वीं बार निर्विरोध जीत-
नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध समिति से लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज की। वह 1996 से लगातार अध्यक्ष बनते आ रहे हैं।
गोविंद मेहता की हैट्रिक-
संघ के संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावतनगर सेकेंड समिति से तीसरी बार निर्विरोध जीत हासिल की। हल्द्वानी की संचालक सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर और हेमा पड़ियाड़ ने वुडाधुरा समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। बिंदुखत्ता टूटी पुलिया समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष बने।
पूर्व चेयरमैन हारे-
बोरिंग पट्टा समिति में बड़ा उलटफेर हुआ। यहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें जगदीश पंत ने हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत और अभिनंदन किया जा रहा है।
नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, महाप्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, संजय सिंह भाकुनी, धर्मेंद्र सिंह राणा सहित सभी अधिकारियों और भाजपा नेता रमेश कुनियाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

