Spread the love

लालकुआं—   नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से गौलापार क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों को करीब ढाई करोड़ की दुग्ध खरीद और 22 लाख रुपये की बोनस राशि के चेक वितरित किए गए। इस दौरान उत्पादकों को दुग्ध संघ की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक संघ की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत, लगन और निरंतर सहयोग से ही दुग्ध व्यवसाय को मजबूती मिलती है। उन्होंने उत्पादकों से अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए संघ स्तर पर लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि उन्हें उनकी मेहनत का उचित लाभ मिल सके। बोनस वितरण का उद्देश्य उत्पादकों के परिश्रम को प्रोत्साहन देने के साथ दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। उन्होंने दुग्ध समितियों को और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं सशक्त बनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन मार्ग प्रभारी पूरन चंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, जगदीश चंद्र, मोहन चंद्र जोशी, दीपा देवी, नरेंद्र मेहरा, सुमित जोशी, नेहा डालाकोटी सहित दुग्ध समितियों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।


Spread the love

You missed