Spread the love

देहरादून—   उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन में बदलाव का सिलसिला तेज हो गया है। प्रदेश प्रभारी के बाद अब पार्टी ने प्रदेश महामंत्री (संगठन) के पद पर भी बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय नेतृत्व ने हरियाणा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड की जिम्मेदारी सौंपी है।

यह पद अजेय कुमार के राजस्थान भेजे जाने के बाद जून से खाली चल रहा था। शर्मा अब उत्तराखंड में संगठन की कमान संभालते हुए बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक पार्टी के चुनावी नेटवर्क को धार देने की जिम्मेदारी निभाएंगे।

हरियाणा के अलावा त्रिपुरा और असम में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके शर्मा को जमीनी संगठन, कार्यकर्ता नेटवर्क और बूथ प्रबंधन का लंबा अनुभव है। ऐसे में 2027 के चुनावी रण से पहले उनकी नियुक्ति को भाजपा की संगठनात्मक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से प्रदेश संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।


Spread the love

You missed